छत्रपति सम्मान-2025 से अलंकृत होंगे प्रख्यात लोक-रंगकर्मी डॉ. साहब सिंह

‘धन्न लिखारी नानका’ नाटक की प्रस्तुति देंगे डॉ. साहब सिंह
सिरसा: 20 नवंबर: साहित्यिक-सांस्कृतिक-सामाजिक सरोकारों को समर्पित संस्था ‘संवाद सिरसा’ की ओर से प्रख्यात पंजाबी नाटककार, निर्देशक एवं लोक-रंगकर्मी डॉ. साहब सिंह को ‘छत्रपति सम्मान-2025’ से अलंकृत किया जाएगा। पंचायत भवन, सिरसा में 30 नवंबर को आयोजित किए जा रहे ‘छत्रपति स्मृति समारोह’ के दौरान डॉ. साहब सिंह को इस सम्मान से नवाज़ा जाएगा। यह निर्णय ‘संवाद सिरसा’ के संयोजक परमानंद शास्त्री की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में लिया गया। ‘संवाद सिरसा’ के सह-संयोजक डॉ. हरविंदर सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर डॉ. साहब सिंह द्वारा सामाजिक सरोकारों से ओतप्रोत एक भावपूर्ण एवं ख़ूबसूरत नाटक ‘धन्न लिखारी नानका’ का मंचन किया जाएगा।

समारोह के दौरान प्रख्यात पंजाबी चिंतक एवं प्रगतिशील लेखक संघ, पंजाब के महासचिव डॉ. कुलदीप सिंह ‘दीप’ ‘नायकों की तलाश में भटकता वर्तमान’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। समारोह की अध्यक्षता प्रसिद्ध कवि-कथाकार प्रो. हरभगवान चावला करेंगे। इस अवसर पर गार्गी प्रकाशन, जन चेतना और तस्वीर प्रकाशन की ओर से पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। शहीद पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की स्मृति में स्थापित इस सम्मान से अब तक प्रख्यात पंजाबी लेखक पद्मश्री प्रो. गुरदयाल सिंह, लोक-रंगकर्मी प्रो. अजमेर सिंह औलख, वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैय्यर, आरफ़ा ख़ानम शेरवानी, ओम थानवी, सुब्रत बसु, संदीप चौधरी, अभय कुमार दुबे, उर्मिलेश, अभिसार शर्मा, परंजॉय गुहा ठाकुरता, प्रतिबद्ध चिंतक एवं शहीद भगत सिंह के भानजे प्रो. जगमोहन सिंह व राम पुनियानी को नवाज़ा जा चुका है। बैठक में परमानंद शास्त्री, डॉ. हरविंदर सिंह, प्रो. हरभगवान चावला, सुरजीत सिरड़ी, सुरेश बरनवाल, अनीश कुमार इत्यादि ने अपनी उपस्थिति दर्ज़ करवाई। आयोजकों ने सिरसा ज़िला व आस-पास के क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों से इस समारोह में सपरिवार अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज़ करवाते हुए शहीद पत्रकार रामचंद्र छत्रपति को पुष्पांजलि अर्पित करने हेतु विनम्र आग्रह किया है।

