भारत विकास परिषद द्वारा राम नगर कॉलोनी में स्थित लवकुश पार्क में स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा स्थापित की गई है। बुधवार को स्वामी विवेकानंद जयंती पर राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में डबवाली के विधायक अमित सिहाग मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे व उन्होंने समारोह के अध्यक्ष भाविप के राष्ट्रीय मंत्री केके अरोड़ा के साथ स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा का अनावरण किया। उनके अलावा भाविप प्रांतीय उपाध्यक्ष हरिओम भारद्वाज, प्रांतीय संगठन मंत्री सतपाल जग्गा, प्रांतीय विस्तार प्रमुख ईश कुमार मैहता भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। सभी ने प्रतिमा पर फूलमालाएं पहनाकर स्वामी जी को नमन किया। इससे पहले अमित सिहाग व अन्य अतिथियों ने भारत माता व स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारंभ किया। एनपी स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रीय गीत वंदे मात्रम गाया। सभी अतिथियों को अंग वस्त्र पहनाकर व तिलक लगाकर उनका स्वागत किया गया।

इस मौके पर संबोधन में अमित सिहाग ने कहा कि जब उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन के बारे में विस्तार से पढ़ा तो वे उससे बहुत प्रभवित हुए। उन्होंने संकल्प लिया है कि वे स्वामी जी के दर्शाए मार्ग पर चलने का हमेशा प्रयास करेंगे। भारत विकास परिषद ने शहर के बीचोबीच स्थित इस पार्क में स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा स्थापित कर बहुत ही सराहनीय कार्य किया है और प्रतिमा के अनावरण समारोह में उन्हें बुलाकर उन्हें स्वामी विवेकानंद जी के साथ जोडऩे का सुंदर कार्य किया है इसके लिए वे भारत विकास परिषद के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि पार्क में स्थापित यह प्रतिमा यहां पर आने वाले लोगों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र वासियों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बनेगी। लोगों को उनके जीवन के बारे में जानने का अवसर मिलेगा और उनके दिखाए मार्ग पर चल कर हिंदु संस्कृति की रक्षा करने व अपने जीवन को सफल बनाने का मौका भी मिलेगा।

भाविप के राष्ट्रीय मंत्री केके अरोड़ा व प्रांतीय उपाध्यक्ष हरिओम भारद्वाज ने स्वामी जी की जीवनी पर प्रकाश डाला व युवा वर्ग के लोगों को उनके दर्शाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतिमा स्थापित करने के लिए भाविप की डबवाली शाखा के पदाधिकारियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की व बधाई दी। इस अवसर पर प्रांतीय संगठन मंत्री सतपाल जग्गा ने समारोह में पहुंचे अतिथियों का स्वागत व अभिनंदन किया। शाखाध्यक्ष सुनीता जग्गा ने बताया कि पार्क में स्थापित की गई स्वामी विवेकानंद जी की संगमरमर से बनी यह सुंदर प्रतिमा भाविप के पूर्व अध्यक्ष गुरदित्त दुरेजा ने अपने पिता स्व. चंदन राम दुरेजा की स्मृति में भारत विकास परिषद को सप्रेम भेंट की है। उन्होंने सहयोग के लिए दुरेजा परिवार का धन्यवाद किया।

समारोह की विशेष बात यह रही कि इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी वर्चुअल तरीके से कार्यक्रम से जुड़े और उनके संबोधन का प्रसारण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित करने व रक्तदान शिविर लगााने पर भारत विकास परिषद डबवाली शाखा की प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं दी। वर्चुअल प्रसारण करने की व्यवस्था में भाविप के सचिव भजन मैहता का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में 12 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। राष्ट्रीय गान के साथ समारोह का समापन हुआ। समापन मौके पर सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर व शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध रंग कर्मी संजीव शाद ने बखूबी किया। भाविप के पूर्व अध्यक्ष वेद भारती ने समारोह में पहुंचे अतिथियों व अन्य लोगों का धन्यवाद किया। इस मौके पर राम लाल बागड़ी, गौरव मोंगा, ओपी सचदेवा, शशिकांत शर्मा, इंद्र जैन, लवली मैहता, पवन गर्ग, गुरदीप कामरा, सुरेंद्र सिंगला, डा. सौरभ अरोड़ा, डा. लोकेश्वर वधवा, डा. सुखवंत सिंह, उग्रसेन गर्ग, महिला प्रमुख सुमन लता, शाखा उपाध्यक्ष सुभाष मैहता सहित अनेक गणमान्य लोग व परिषद परिवार सदस्य मौजूद रहे।

