Home News Point सेवा, संस्कार और सफलता का उत्सव: बाल मंदिर विद्यालय में प्रतिभाओं का अभिनंदन

सेवा, संस्कार और सफलता का उत्सव: बाल मंदिर विद्यालय में प्रतिभाओं का अभिनंदन

6 second read
0
0
59

बाल मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने हेतु एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण एवं उनकी निस्वार्थ सेवा भावना को सम्मानित करने का उत्सव बन गया।

समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यालय के वे ‘सोशल वर्कर’ विद्यार्थी रहे, जिन्होंने अपनी कार्यकुशलता एवं समर्पण भाव से विद्यालय की दैनिक व्यवस्था को आदर्श स्वरूप प्रदान किया है। इन नन्हें समाजसेवियों को सम्मानित करते हुए विद्यालय ने यह संदेश दिया कि सेवा भाव ही व्यक्ति को महान बनाता है। कार्यक्रम में बताया गया कि ये विद्यार्थी प्रतिदिन पुस्तकालय की व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने, प्रार्थना सभा के संचालन में सहयोग देने तथा कक्षाओं में अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों के सहयोग से कार्य करते हुए इनमें धैर्य, नेतृत्व, टीम-वर्क एवं प्रबंधन जैसे गुणों का विकास हो रहा है, जो उन्हें भविष्य में उत्तरदायी नागरिक बनने की दिशा में अग्रसर करेगा। विद्यालय में सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्नीस विद्यार्थियों को प्रातःकालीन सभा सामाजिक कार्यकर्ता, सत्रह को खेल सामाजिक स्वयंसेवक, पाँच विद्यार्थियों को खेल सामाजिक कार्यकर्ता, ग्यारह विद्यार्थियों को कला सामाजिक कार्यकर्ता तथा तेरह विद्यार्थियों को पुस्तकालय सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में सम्मानित किया गया। बौद्धिक विकास की दिशा में सराहनीय योगदान देने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया जिनके प्रयासों से विद्यालय में ‘द ट्रिब्यून’ समाचार-पत्र की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित हुई। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि समाचार-पत्र विद्यार्थियों में समसामयिक ज्ञान, तार्किक चिंतन एवं विश्लेषणात्मक क्षमता का विकास करता है। इसी क्रम में आयोजित शब्द-ज्ञान प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को मंच पर सम्मानित किया गया। आदर्श विद्यालय, मंडी किल्लियांवाली में आयोजित शब्द-ज्ञान प्रतियोगिता में विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं की छात्राओं— एंजल, समरीन कौर, सिमरनजीत कौर, शगनजीत कौर, सुखमनप्रीत कौर, वर्षदीप कौर, परविंदर कौर, खुशनूर कौर, गीतिका तथा सिमरनजीत कौर— ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में नाजरीत कौर तथा पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में सुखनप्रीत कौर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

जवाहर नवोदय विद्यालय, बडिंगखेड़ा में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। कनिष्ठ वर्ग में दक्ष (कक्षा आठवीं), सुखमन (कक्षा आठवीं), अक्षित (कक्षा सातवीं), लवदीप कौर (कक्षा सातवीं) एवं अक्षिता (कक्षा छठी) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया ठीक उसी तरह वरिष्ठ वर्ग में भी आरजू कंबोज (कक्षा ग्यारहवीं कला संकाय), कनन मित्तल (कक्षा ग्यारहवीं कला संकाय), प्रबलीन संधू (कक्षा ग्यारहवीं कला संकाय), आराध्या (कक्षा नौवीं) तथा पुलकित (कक्षा नौवीं) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

गणित दिवस पर आयोजित प्रतियोगिता में, जिसमें 30 विद्यालयों ने सहभागिता की, विद्यालय की गणित टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, भिवानी में आयोजित हरियाणा राज्य स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में विद्यालय की कनिष्ठ टीम ने 27 टीमों के मध्य उपविजेता ट्रॉफी प्राप्त कर राज्य स्तर पर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य श्री सुरेंद्र कुमार कौशिक ने कहा कि सेवा करने वाले विद्यार्थी ही समाज के सच्चे शिल्पी होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का अभिन्न अंग बनाना आवश्यक है। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण एवं तालियों की गड़गड़ाहट के साथ तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ।

 

tothepointshaad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

महाराणा प्रताप महिला महाविद्यालय डबवाली में बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्राओं को भव्य विदाई, समारोह में झलकी भावनाएं और प्रतिभा

महाराणा प्रताप महिला महाविद्यालय, मंडी डबवाली में प्राचार्या डॉ. वनिता गुप्ता की अध्यक्षता…