– डबवाली में एसपी निकिता खट्टर के कार्यकाल को बताया प्रेरणादायक और प्रभावशाली
डबवाली
एसपी निकिता खट्टर को उनके तबादले के उपरांत लायंस क्लब सुप्रीम एवं मुल्तान सभा के प्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई। क्लब के प्रधान आशीष मेहता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उनके कार्यालय में पहुंच स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान प्रकट किया। इस दौरान गुरदीप कामरा, संजय मेहता, राजेंद्र मेहता सहित अन्य प्रतिनिधि थे।
इस अवसर पर आशीष मेहता ने कहा कि एसपी निकिता खट्टर का कार्यकाल न केवल कानून व्यवस्था के सुदृढ़ संचालन के लिए याद किया जाएगा, बल्कि समाज में जागरूकता और विश्वास का माहौल बनाने के लिए भी एक मिसाल के रूप में देखा जाएगा। उनके नेतृत्व में लायंस क्लब सुप्रीम द्वारा नशा मुक्ति, साइबर जागरूकता और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चलाए गए अभियानों को नई ऊर्जा और दिशा मिली। उनके सहयोग और मार्गदर्शन से सामाजिक संस्थाओं को जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का अवसर मिला, जिसका सकारात्मक असर समाज के विभिन्न वर्गों पर देखने को मिला।
उनके कार्यकाल की एक उल्लेखनीय घटना का जिक्र करते हुए प्रतिनिधियों ने बताया कि गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डबवाली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एसपी खट्टर ने छात्राओं को महिला सुरक्षा और आत्मविश्वास पर प्रेरणादायक संबोधन दिया था। उसी दिन एक छात्रा के साथ एम्बुलेंस चालक द्वारा दुर्व्यवहार की घटना सामने आई, जिस पर छात्रा ने देर रात एसपी को सूचित किया। एसपी द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई, जो उनकी संवेदनशीलता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का जीवंत उदाहरण है।
गुरदीप कामरा, संजय मेहता व राजेंद्र मेहता ने कहा कि एसपी निकिता खट्टर के नेतृत्व में पुलिस और समाज के बीच जो विश्वास का सेतु बना, वह लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
सभी ने एसपी निकिता खट्टर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे जहां भी सेवाएं देंगी, वहां भी अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और संवेदनशीलता से नई ऊंचाइयों को छुएंगी। प्रतिनिधिमंडल ने लायंस क्लब सुप्रीम व मुल्तान सभा को उन द्वारा दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद किया।

