सिरसा: 23 मई:
राजकीय महिला महाविद्यालय, सिरसा में लोकप्रशासन व राजनीतिशास्त्र विषय परिषद के संयुक्त तत्वावधान में ‘राजद्रोह क़ानून: सही या गलत’ व ‘वैवाहिक बलात्कार: अपवाद या अपराध’ से संबंधित ज्वलंत मुद्दों पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डा. हरविंदर सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि लोकप्रशासन व राजनीतिशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अनु के संयोजन में आयोजित इस विचार गोष्ठी की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. राम कुमार जांगड़ा ने की। विचार गोष्ठी में प्रतिभागी छात्राओं ने संबंधित मुद्दों को अत्यंत तार्किकता, बेबाकी व मुखरता से स्पष्ट करते हुए ओजस्वी व्याख्यानों की प्रस्तुति दी। मुद्दों व विचारों के स्पष्ट अभिव्यंजन एवं सम्प्रेषणीयता के आधार पर बीए प्रथम वर्ष की छात्राओं नवदीप को प्रथम, आस्था को द्वितीय व कशिश को तृतीय घोषित किया गया। प्रो. किरण सरदाना, प्रो. रितिका गोयल व प्रो. मीनू गर्ग ने निर्णायकमंडल की भूमिका का निर्वहन किया। इस अवसर पर गणित विभागाध्यक्ष प्रो. संदीप झोरड़ ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए संबंधित विषयों को विस्तार सहित स्पष्ट एवं व्याख्यायित किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. राम कुमार जांगड़ा ने विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को मुबारकबाद प्रदान करते हुए उनके सफल, सुखद, स्वर्णिम एवं उज्ज्वल भविष्य हेतु मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित भी किया।

