डबवाली
नगर की प्रमुख सामाजिक संस्था वरच्युस क्लब इंडिया (रजि.) द्वारा वरच्युस बुक बैंक प्रकल्प के अंतर्गत ‘तीसरा विद्यार्थी आशीर्वाद समारोह’ वरच्युस भवन में आयोजित किया गया। क्लब संस्थापक केशव शर्मा की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से चलाए जा रहे इस प्रकल्प का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करना है। समारोह में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की 31 जरूरतमंद कन्याओं को निशुल्क कंपलीट बुक सेट एवं स्कूल बैग वितरित किए गए।
समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर नगर के प्रसिद्ध ज्वैलर्स राम कुमार सोनी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रो. अमित बहल ने शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए बच्चों को निरंतर मेहनत करते हुए जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल छात्राओं को शैक्षणिक सहायता प्रदान करती है, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
क्लब के पीआरओ भारत भूषण वधवा ने कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि वरच्युस बुक बैंक के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री पहुंचा कर उनके सपनों को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है।
क्लब अध्यक्ष बीर चंद गुप्ता ने बताया कि वरच्युस क्लब पिछले 43 वर्षों से समाजसेवा क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने सहयोग के लिए शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज की सहभागिता से ही संभव हो पाते हैं। इस मौके पर मंच संचालन नरेश शर्मा एवं पवन दुरेजा द्वारा प्रभावशाली ढंग से कुशलतापूर्वक किया गया।

प्रोजेक्ट चेयरमैन सोनू बजाज ने बताया कि वरच्युस बुक बैंक की स्थापना वर्ष 2024 में की गई थी, तब से लगातार बुक बैंक के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों को निशुल्क किताबें उपलब्ध करवाई जा रही है। पिछले तीन शैक्षणिक सत्रों में विद्यार्थियों को 168 नए एवं 257 पुराने बुक सेट सहित करीब 500 किताबें निशुल्क उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि किताबें ही आर्थिक उत्थान का बेहतरीन उपाय है। बच्चों के हाथों में किताबें थमा देने से ही उनके जीवन में बदलाव संभव है। उन्होंने छात्राओं को किताबों का समझदारी व बुद्धिमता के साथ उपयोग करने एवं शिक्षा सत्र पूरा होने के बाद पुरानी किताबों को वापस बुक बैंक में लौटाने का संकल्प करवाया। कार्यक्रम के अंत में क्लब के सहसचिव रमेश सेठी ने सभी गणमान्य अतिथियों एवं सहयोगियों का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया।

इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं समाजसेवियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और छात्राओं को आशीर्वाद देकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख व्यक्तियों में प्रिंसिपल लक्ष्मण दास नाहर, रि. प्रिंसिपल सुरजीत सिंह मान, गुरु नानक प्रबंधक कमेटी के सचिव नीरज जिंदल, सेवा निवृत बैंक अधिकारी सुखदेव सिंह जौड़ा, अराधना मित्तल, वेद प्रकाश भारती, वरिष्ठ नागरिक संघ के प्रतिनिधि शशिकांत शर्मा, असिस्टेंट प्रो. अवतार चंद, जतिंदर शर्मा, परमजीत कोचर, हरदेव गोरखी, मनोज शर्मा, अमित मैहता, ज्ञान सिंह, संतोष शर्मा, सचिव प्रणव ग्रोवर, हैप्पी मोंगा, प्रवीन मोंगा, हैप्पी शर्मा, राकेश बांसल सहित अनेक सम्मानित नागरिक शामिल रहे।

