महाराणा प्रताप महिला महाविद्यालय, मंडी डबवाली में प्राचार्या डॉ. वनिता गुप्ता की अध्यक्षता में बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्राओं द्वारा बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्राओं के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यतिथि श्रीमती सुनीता गर्ग एवम् श्रीमती भावना कामरा थी | निर्णायक मंडल की भूमिका भी इन्होने निभाई | कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत-संगीत, नृत्य एवं मनोरंजक गतिविधियों ने सभी का मन मोह लिया। विदाई समारोह में द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने अपने सीनियर्स के साथ बिताए गए यादगार पलों को साझा किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। तृतीय वर्ष की छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कॉलेज जीवन की यादों को ताज़ा किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या ने अपने आशीर्वचन में छात्राओं को कहा कि आज आप अपने जीवन के एक महत्वपूर्ण चरण को पूर्ण कर नए सफर की ओर बढ़ रहे हैं। इन वर्षों में आपने जो ज्ञान, संस्कार और अनुभव प्राप्त किए हैं, वे आपके भविष्य की मजबूत नींव बनेंगे। आप जीवन में निरंतर प्रगति करें, अपने लक्ष्य प्राप्त करें और समाज में एक सशक्त एवं आदर्श व्यक्तित्व के रूप में अपनी पहचान बनाएं। सदैव सत्य, ईमानदारी और परिश्रम के मार्ग पर चलें। अपने माता-पिता, गुरुजनों और संस्थान का नाम गर्व से ऊँचा रखें। जहाँ भी जाएँ, अपनी प्रतिभा और अच्छे संस्कारों से सफलता की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करें। हिंदी विभागाध्यक्ष श्रीमती अंजू बाला ने भी छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने, मेहनत और ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में मिस एम.पी. का ख़िताब अंशिका ने जीता, मिस पंचुअलिटी निर्झरा, मिस सिम्पलिसिटी भावना, मिस टैलेंटेड नेहा, मिस एथेनिक ब्यूटी करमजीत कौर, मिस चार्मिंग वंदना, मिस एनेर्जेटिव प्रियंका, मिस कॉन्फिडेंस रमनदीप, फर्स्ट रनर अप जस्सू व सेकंड रनर अप मोहिनी रही |

इस अवसर पर समस्त शिक्षकगण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं समृद्ध भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन भावुक क्षणों के साथ हुआ, जहां सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया |

