मंडी डबवाली। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में डबवाली टेबल टेनिस अकादमी की ओर से आयोजित दो दिवसीय टेबल टेनिस टूर्नामेंट का शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ 29 अगस्त ( राष्ट्रीय खेल दिवस) को किया गया, जबकि 30 अगस्त को रोमांचक मुकाबलों के साथ इसका समापन हुआ। प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब और राजस्थान से कुल 76 खिलाड़ियों ने भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।

टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के लिए अंडर-17 और ओपन वर्ग में लड़के एवं लड़कियों के अलग-अलग मुकाबले करवाए गए। दो दिनों तक चले इन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान एक ओर जहां खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों को एक-दूसरे के खेल से सीखने और अनुभव साझा करने का अवसर भी मिला।
अंडर-17 लड़कियों के वर्ग में रिद्धिमा पुत्री श्री सुशील कुमार ने प्रथम, नीतिका पुत्री श्री मनीष कुमार ने द्वितीय तथा नवरीत पुत्री श्री सुनील कुमार और हीना पुत्री श्री राजेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ओपन लड़कियों के वर्ग में रिद्धिमा पुत्री श्री सुशील कुमार ने प्रथम, नवरीत पुत्री श्री सुनील कुमार ने द्वितीय तथा हीना पुत्री श्री राजेश कुमार और निकिता पुत्री श्री मनीष कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। लड़कों के अंडर-17 वर्ग में विभोर पुत्र श्री राकेश कुमार प्रथम, हेमंत पुत्र श्री गौतम सहारन द्वितीय और मनीत शर्मा पुत्र श्री सुखमंदर ओर उदय पुत्र श्री तृतीय अनिल कुमार एवं ओपन वर्ग में मनीत शर्मा पुत्र श्री सुखमंदर प्रथम, प्रद्युमन पुत्र श्री शिव भगवान द्वितीय और विभोर पुत्र श्री राकेश कुमार ओर पुनित पुत्र श्री विकास कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के नामों की घोषणा अभी बाकी है। सभी प्रतिभागियों को उचित उपहार के साथ भी सम्मानित किया गया। डबवाली टेबल टेनिस अकादमी के संचालक पुनीत सिंगला ने कहा कि “जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन मैदान पर उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना ही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है। इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ बड़े स्तर पर खेलने के लिए आत्मविश्वास भी प्रदान करती हैं।” उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी अकादमी की ओर से ऐसे आयोजनों को जारी रखने का विश्वास दिलाया।

इस दो दिवसीय टूर्नामेंट को सफल बनाने में शुभदीप कौर का भी विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं, खिलाड़ियों के समन्वय तथा आयोजन को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सहयोग से प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में आयोजकों को काफी मदद मिली।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने डबवाली में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह की एक शानदार तस्वीर प्रस्तुत की। दो दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों के जोश और जुनून ने माहौल को रोमांचक बनाए रखा। प्रतियोगिता ने न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों को एक मंच पर लाकर खेल भावना, भाईचारे और प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत किया
।

