राजकीय कन्या मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला मसीतां के बच्चों में गर्म जर्सियां, जूते व जुराबें वितरित

डबवाली
राजकीय कन्या मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला मसीतां में आयोजित एक बेहतरीन कार्यक्रम में लायंस क्लब अक्स द्वारा स्कूल के बच्चों में गर्म जर्सियां व एक दानी सज्जन द्वारा जूते-जुराबें वितरित की गई।
इस अवसर पर लांयस क्लब अक्स के संस्थापक सतीश जग्गा ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। उनके साथ प्रधान रिषी मित्तल, सचिव कमल कांत दुरेजा, कोषाध्यक्ष लक्की गुप्ता, मनीष गुप्ता, कोनिक बांसल, कमल अरोड़ा, उमेश जिंदल, संदीप चावला, रणंजीत सिंह सरपंच, देवांश गर्ग, नवदीप गर्ग व प्रिंस सेठी विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे। वहीं, प्रसिद्ध रंग कर्मी संजीव शाद, सीए गोबिंद सिंगला, एसएमसी अध्यक्ष बाबू राम, प्रधानाध्यापक निर्मल सिंह गंगा, विकास कालूआना, पंचायत मैंबर संदीप कुमार, ओमप्रकाश, नरेश गोठवाल ने भी उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। स्कूल के बच्चों ने वेल्कम गीत से सभी का स्वागत किया। इसके बाद नन्हे मुन्ने बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया।
इस मौके पर संबोधन में सतीश जग्गा ने कहा कि प्रकृति हमें बहुत कुछ देती है, इसलिए हमें भी अपना कर्तव्य समझकर प्रकृति को कुछ लौटाना चाहिए। यदि हमें अपने भविष्य को सुरक्षित रखना है तो सभी को अपने घरों, आसपास क्षेत्र अथवा सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पेड़ लगा कर उनकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने सभी बच्चों व उपस्थित गांववासियों को सामाजिक कार्यों में भी भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, रंग कर्मी संजीव शाद ने अपने चिरपरिचित अंदाज में विचार रखते हुए माहौल में जोश भर दिया। स्कूल के बेहतरीन शैक्षणिक माहौल व स्टाफ की प्रशंसा करते हुए उन्होंने बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाया। ग्रामीणों को भी स्कूल में हर प्रकार से सहयोग करने का संदेश दिया ताकि उनके बच्चे यहां से अच्छी शिक्षा लेकर जीवन में आगे बढ़ पाएं। समाजसेवी सीए गोबिंद सिंगला ने बच्चों को समझाया कि माता पिता के बाद शिक्षक ही है जो उन्हें सही मार्ग पर ले जाता है। मुख्याध्यापक निर्मल सिंह गंगा ने अपनी कविता ‘बीबा’ सुनाकर बेटियों को शिक्षित करने का संदेश दिया। समाजसेविका हरप्रीत कौर ने कहा कि अगर सेवा करनी है तो शुरुआत अपने आप से करो। अपने आप को सुधार कर आप समाज में भी सुधार कर सकते हो।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल के मुख्य शिक्षक संजीव कुमार भारद्वाज ने अपने व स्कूल स्टाफ सदस्यों विशाल सेठी, प्रेम ठकराल, राजेश कुमार, ईशा व पूनम मैहता की ओर से स्कूल में पहुंचे सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

