–15 फरवरी तक श्री करतारपुर साहिब के धार्मिक भ्रमण पर जाएंगे संघ सदस्य
-13 जनवरी को लोहड़ी उत्सव एवं 23 जनवरी को सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई जाएगी
डबवाली
वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ की बैठक निजी सभागार हाल में प्रधान सुरेंद्र मित्तल की अध्यक्षता में हुई जिसमें कई अन्य मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। सबसे पहले देश के पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के देहांत पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संघ सदस्य नत्थू राम अग्रवाल ने भावुक होते हुए बताया कि चौ. ओमप्रकाश चौटाला स्कूल समय में उनके सहपाठी रहे हैं। वे अपने पुराने दोस्तों के साथ सदैव बड़े आत्मीयता से मिलते थे। उनके साथ पुरानी यादों पर चर्चा करते और अगर किसी को कोई समस्या या कार्य होता था तो उसे तुरंत करवाने का प्रयास करते हुए दोस्ती निभाते थे।
वहीं, संघ की सामाजिक गतिविधियों की चर्चा करते हुए महासचिव शशिकांत शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ द्वारा स्थायी प्रकल्प सुपर-50 कक्षा का सफल संचालन करने के साथ विभिन्न प्रकल्प लगाकर सामाजिक क्षेत्र में अहम भूमिका निभाई जा रही है। नव वर्ष 2025 में भी संघ के सदस्य सेवा कार्यों में भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। रिटायर्ड एजीएम परमजीत कोचर ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक संघ के सदस्यों द्वारा श्री करतारपुर साहिब का धार्मिक भ्रमण करने का निर्णय लिया गया है। टूर की प्रक्रिया को फाइनल कर आगामी 15 फरवरी तक सदस्यों को इस भ्रमण पर ले जाने का प्रयास किया जाएगा। इससे पहले 13 जनवरी को लोहड़ी उत्सव एवं 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाने का फैसला भी बैठक में लिया गया। लोहड़ी उत्सव आयोजन के लिए प्रेम खुराना व महेश नारंग को प्रकल्प प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई। सभी ने एक दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं भी दी। बैठक में रामबाबु गुप्ता, रमेश चंद्र शर्मा, जतिंद्र शर्मा, सतीश सिड़ाना, वीएम जोशी, सुभाष अरोड़ा, सुरेंद्र मोंगा, बृज लाल सिंगला, दविंद्र शर्मा, मदन लाल बांडी,राजेंद्र कौशल व रमेश कौशल मौजूद रहे।

