सिरसा: 5 मार्च:
राजकीय नैशनल महाविद्यालय, सिरसा में प्राचार्य प्रो. हरजिंदर सिंह के संरक्षण व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डा. जीत राम शर्मा के संयोजन में आयोजित ‘मेरे भारत के युवा’ थीम पर आधारित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के दूसरे दिन सिरसा के प्रख्यात मनोवैज्ञानिक एवं राजकीय महिला महाविद्यालय, रतिया से सेवानिवृत्त प्राचार्य डा. रविंद्र पुरी ने व्यक्तित्व निर्माण एवं विकास विषय पर आधारित एक प्रेरणादायक व्याख्यान की प्रस्तुति दी।
महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डा. हरविंदर सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि डा. रविन्द्र पुरी ने स्वयंसेवियों को सफलता के मूल मंत्र चैलेंज, कमिटमेंट, कंट्रोल की जानकारी देते हुए स्मार्ट गोल निर्धारित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि हमें सफलता प्राप्त करने के लिए हर चुनौती को स्वीकार करते हुए पूर्ण निष्ठा लगन के साथ स्वयं को नियंत्रित रखते हुए कार्य करना चाहिए तो हम किसी भी ऊंचाई को पा सकते हैं और कठिन से कठिन कार्य का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर सकते हैं। डा. पुरी ने उपस्थितजन को इंटरव्यू के लिए कुछ विशेष टिप्स देते हुए कहा कि हमें अपने लक्ष्य बड़े निर्धारित करने चाहिएं और उन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए दिन-रात मेहनत करने में विश्वास रखना चाहिए तभी हम एक सफल जीवन प्राप्त कर सकते हैं। एनएसएस प्रभारी डा. जीतराम शर्मा ने इस प्रेरणादायक व्याख्यान के लिए डा. रविंद्र पुरी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्राचार्य डा. तेजा राम व पूर्व प्रवक्ता श्री निवास ने संस्कृत भाषा के विभिन्न श्लोको के द्वारा भारतीय संस्कृति व भारतीय ज्ञान परम्परा के महत्व के बारे में अवगत करवाया। शिविर में डा. रमेश सोनी, डा.संदीप कुमार, डा. इंदिरा जाखड़, डा. मन्जू कम्बोज भी उपस्थित रहे।

