सिरसा: 8 मार्च:
राजकीय नैशनल महाविद्यालय, सिरसा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एनएसएस व महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में विचार-गोष्ठी का आयोजन किया गया। सात दिवसीय एनएसएस शिविर के पांचवें दिन महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डा. मीत एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जीत राम शर्मा के संयोजन में आयोजित इस आयोजन की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. हरजिंदर सिंह व जनसंपर्क अधिकारी डा. हरविंदर सिंह ने की।

इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में सिरसा की वरिष्ठ अधिवक्ता साधना मित्तल, डेंटल एवं स्किन विशेषज्ञ डॉ. मीनल व अंग्रेजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डा. मीत ने रिसोर्स परसन्स के तौर पर शिरक़त की। कार्यक्रम में लायंस क्लब सिरसा की ओर से विवेक बंसल, नकुल मोहन्ता, नूतन मोहन्ता व नीरू मित्तल ने विशिष्ट अतिथियों के तौर पर अपनी सहभागिता दर्ज़ करवाई। कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. जीत राम शर्मा ने अतिथिगण व समस्त उपस्थितजन का स्वागत करते हुए महिला सशक्तिकरण के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि यह दिन महिलाओं के अधिकारों, समानता व सशक्तिकरण को समर्पित है। अपने वक्तव्य में वरिष्ठ अधिवक्ता साधना मित्तल ने कानूनी साक्षरता और महिलाएं विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने क़ानूनी पहलुओं से उपस्थिजन को अवगत करवाते हुए कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास हेतु हर क्षेत्र में महिलाओं की सशक्त एवं सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है। ‘महिला सशक्तिकरण: समकालीन चुनौतियाँ और अवसर’ विषय पर अपने भावपूर्ण संबोधन में डा. मीत ने कहा कि समाज को औरतों के रहने लायक और बेहतर बनाना ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का मूल उद्देश्य है। विचार-गोष्ठी में डॉ. मीनल ने डेंटल व स्किन केयर के बारे में उपस्थितजन को विस्तार सहित अवगत करवाया। डॉ. हरविंदर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान परिवेश में वैचारिक परिपक्वता एवं आत्मसम्मान को बनाए रखना अति-अनिवार्य है। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. हरजिंदर सिंह ने सभी उपस्थितजन को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की मुबारकबाद प्रदान करते हुए इस दिन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं इसके महत्व के बारे में विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डा. इंदिरा जाखड़ ने किया। इस अवसर पर मीनल श्योरान व डॉ सुमीत छाबड़ा के नेतृत्व में छाबड़ा डेंटल लेजर स्किन एंड हेयर सेंटर द्वारा महाविद्यालय में निशुल्क जांच कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ सदस्य डॉ. हरविंदर कौर, डॉ. कर्मजीत कौर, डॉ. सरोज बाला, डॉ. शोभा, वंदना कटोच, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम कुमार, डॉ. मंजू बाला, डॉ. रमेश सोनी, डॉ. सन्दीप कुमार, प्रो. सुरेंद्र कुमार, डॉ. विकास नैन, प्रो. मंजू गंडा, डॉ. मंजू मेहता, डॉ. अनुदीप गोयल, मनदीप कौर, डॉ. मीनू बाला, डॉ. प्रियंका, डॉ. पूनम सेतिया, डॉ. राज रानी, डॉ. दीपावली, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. पूनम सेठी, कुलदीप अरोड़ा, जितेंद्र, निशा, कर्मवीर कौशिक इत्यादि ने भी अपना सक्रिय सृजनात्मक सहयोग प्रदत्त किया।


