-इलाके में सकारात्मक माहौल बनाए रखने का काम करेगा प्रतिनिधिमंडल
डबवाली
नगर के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की एक बैठक शनिवार को अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित की गई। इस बैठक में वर्तमान हालातों के बीच आपसी समन्वय बनाकर सकारात्मक माहौल बनाए रखने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। समाजसेवी सतीश जग्गा को इस प्रतिनिधि मंडल एवं प्रशासन में समन्वय बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के उपरांत सतीश जग्गा ने बताया कि सर्वप्रथम बैठक में शामिल हुए सभी राजनीतिक दलों ने आतंकियों के खात्मे के लिए पाकिस्तान के खिलाफ की जा रही कार्रवाई में भारतीय सेना के पराक्रम और शौर्य की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया। बैठक में तय हुआ की सभी राजनीतिक दलों की नगर डबवाली की इकाइयां इस तनाव के समय में देश और प्रशासन के साथ है। विभिन्न दलों के प्रतिनिधि आपसी तालमेल से डबवाली के सभी नागरिकों, प्रशासन, सामाजिक, प्रशासनिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संस्थाओं के बीच समन्वय बनाकर इलाके में सकारात्मक माहौल बनाए रखने का काम करेंगे।
बैठक में सभी प्रतिनिधियों ने आमजन से आह्वान किया कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत सूचना पर ही विश्वास करें। सोशल मीडिया पर भी कोई पोस्ट डालते वक्त पूरी सावधानी बरतें। कुलदीपक सहारण, महिंद्र बांसल एवं रवि बिश्नोई सोशल मीडिया पर समन्वय बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी ने आमजन से आह्वान किया कि वे सेना और प्रशासन द्वारा जारी किए जा रहे दिशा निर्देशों का पालन करें। बैठक में नगरपरिषद चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा, पवन गर्ग, बलदेव सिंह मांगेआना, रणबीर सिंह राणा, संदीप गर्ग, विनोद बांसल, विजय वधवा, अमनदीप बांसल, कुलदीपक सहारण, रवि बिश्नोई, महेन्द्र बांसल, राकेश कुमार, पवन बांसल, श्यामलाल आदि मौजूद रहे।

