Home News Point प्रमुख समाजसेवी सतपाल जग्गा का इस दुनिया से जाना डबवाली के लिए ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई शायद ही कभी हो पाएगी। डबवाली ने एक ऐसी शख्सियत, एक ऐसा व्यक्तित्व को खो दिया है जो जीवन भर समाज सेवा को समर्पित रहा।

प्रमुख समाजसेवी सतपाल जग्गा का इस दुनिया से जाना डबवाली के लिए ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई शायद ही कभी हो पाएगी। डबवाली ने एक ऐसी शख्सियत, एक ऐसा व्यक्तित्व को खो दिया है जो जीवन भर समाज सेवा को समर्पित रहा।

2 second read
0
0
102

आज श्रद्धांजलि दिवस पर विशेष-

पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच भी समाज सेवा के अपने ध्येय से कभी पीछे नहीं हटे सतपाल जग्गा

इलाके के प्रमुख समाजसेवी सतपाल जग्गा का इस दुनिया से जाना डबवाली के लिए ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई शायद ही कभी हो पाएगी। डबवाली ने एक ऐसी शख्सियत, एक ऐसा व्यक्तित्व को खो दिया है जो जीवन भर समाज सेवा को समर्पित रहा।
सतपाल जग्गा का जन्म 13 नवंबर 1956 को हुआ था। हालांकि उन्होंने मैट्रिक तक पढ़ाई की थी लेकिन विभिन्न विषयों पर उनका ज्ञान असीम था। वे बहुत ही आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखते थे जिससे सामने वाले बुहत प्रभावित होता था। उनका विवाह 30 अप्रैल 1980 को  श्री मति सरोज रानी से हुआ। वर्ष 2002 में उन्होंने कपड़े का कारोबार शुरु किया और खूब मेहनत करते हुए वे एक सफल कपड़ा कारोबार के तौर पर स्थापित हो गए। सतपाल जग्गा के परिवार में पत्नी सरोज रानी के अलावा पुत्र जयंत जग्गा, पुत्रवधू बबीता, पुत्री सपना, दामाद अविनाश तनेजा, दोहता विहान व दोहितयां राधिका व अरायना हैं।
बेशक सतपाल जग्गा अपने जीवन में कितने ही व्यस्त रहे और हर पारिवारिक जिम्मेदारी को उन्होंने निभाया  लेकिन अपनी व्यस्तताओं के बीच भी समाज सेवा के अपने ध्येय को उन्होंने कभी नहीं छोड़ा। वे सेवा, समर्पण और नि:स्वार्थता का पर्याय थे। उनकी उपस्थिति मात्र से ही सकारात्मकता का संचार हो जाता था। वे भारत विकास परिषद में स्थानीय स्तर से लेकर प्रांतीय उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत रहे और इस संगठन के माध्यम से उन्होंने समाजसेवा के अनगिनत ऐसे कार्य किए जिससे समाज को लाभ हुआ।
भारत विकास परिषद के स्थायी प्रकल्प- सरकारी अस्पताल में सुबह-शाम मरीजों के लिए लंगर सेवा के संचालन में अन्य सदस्यों के साथ उनकी अहम भूमिका रही। यह लंगर सेवा कितने ही भूखे पेटों का सहारा है, इससे कितने ही असहायों को भोजन मिलता है, यह सब उनकी सेवा भावना का ही परिणाम है। भारत विकास परिषद के माध्यम से दो बार कृत्रिम अंग वितरण करवाकर उन्होंने करीब 200 दिव्यांगों का सहारा बनने का प्रयास किया। वहीं, भाविप के माध्यम से लव कुश पार्क डबवाली में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित करवाने की योजना में उनकी दूरदर्शिता और प्रतिबद्धता स्पष्ट दिखती है। वे सिर्फ योजनाएं नहीं बनाते थे, बल्कि उन्हें साकार करने के लिए अथक प्रयास करते थे। उनके द्वारा सुझाए गए अनेक सामाजिक प्रकल्पों से डबवाली को अप्रतिम लाभ मिला है और यह लाभ आने वाले समय में भी महसूस किया जाता रहेगा।
डबवाली की मिट्टी से उनका गहरा लगाव था। वे मुल्तान सभा डबवाली के संस्थापक थे, जहां उन्होंने अपनी जड़ों से जुड़कर समाज को सशक्त बनाने का काम किया।

डबवाली को जिला बनाने की मुहिम में भी वे एक महत्वपूर्ण सलाहकार के रूप में जुड़े रहे, उनका सपना था कि डबवाली को उसका सही स्थान मिले और इसके विकास को नई दिशा मिले। इसके अलावा इलाके की अनेक सामाजिक संस्थाओं से उनका जुड़ाव रहा और हर जगह उन्होंने अपनी छाप छोड़ी।
एक बार डबवाली के सरकारी अस्पताल में दो डॉक्टरों का तबादला सरकार द्वारा किए जाने से नाराज होकर वे अस्पताल में भूख हड़ताल पर बैठ गए थे। उनका कहना था कि डॉक्टरों के जाने से डबवाली में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होंगी और मरीजों को मुश्किलें आएंगी। इससे सरकार को उनकी बात मानकर डॉक्टरों का तबादला रद्द करना पड़ा।
सतपाल जग्गा द्वारा समाज के लिए किए कार्यों की गूंज और उनकी प्रेरणा हमेशा हमारे साथ रहेगी। उन्होंने अपने सब साथियों को हमेशा सिखाया कि समाज सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और निस्वार्थ भाव से किया गया कोई भी कार्य व्यर्थ नहीं जाता। उनके जाने से डबवाली में शोक की लहर है। उनकी यादें, उनके विचार और उनके आदर्श हमेशा सबको प्रेरित करते रहेंगे। डबवाली की धरती उन्हें हमेशा याद रखेगी।
ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और इस दु:ख की घड़ी में उनके परिवार को शक्ति दें।
आज श्रद्धांजलि दिवस पर उन्हें शत शत नमन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

अखिल भारतीय सेवा संघ द्वारा दूसरा विशाल निशुल्क आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित – 250 मरीजों की हुई जांच, 50 तक मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित

  डबवाली शहर की सामाजिक संस्था अखिल भारतीय सेवा संघ द्वारा रविवार को कॉलोनी रोड स्थित…