–स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को अपनाते हुए मानव सेवा को समर्पित है भारत विकास परिषद: उग्रसेन गर्ग

डबवाली सामाजिक उत्थान के लिए स्थापित राष्ट्रीय संस्था भारतीय विकास परिषद की डबवाली शाखा द्वारा संस्था का 63वां स्थापना दिवस सेवा कार्यों के साथ मनाया गया। इसके तहत राम नगर कॉलोनी में स्थित लवकुश पार्क में स्थापित स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण उपरांत पार्क में पौधारोपण करते हुए फलदार व औषधीय पौधे लगाए गए। इसके बाद सामान्य अस्पताल में जाकर मरीजों व उनके परिजनो में लंगर के साथ खीर के प्रसाद का वितरण किया। संस्था सचिव भजन मैहता ने बताया कि संस्था के संस्थापक स्व. सतपाल जग्गा की प्रेरणा से अस्पताल में लंगर प्रकल्प 10 जुलाई 2011 को शुरु किया गया था जिसे सफलतापूर्वक लगातार चलते हुए 14 साल हो गए हैं।
इस मौके पर भारत विकास परिषद डबवाली शाखा के प्रधान उग्रसेन गर्ग ने संस्था की स्थापना से लेकर अब तक चलाई जा रही गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत विकास परिषद एक सेवा एवं संस्कार-उन्मुख गैर राजनीतिक, सामाजिक-सांस्कृतिक स्वयंसेवी संस्था है जो स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को अपनाते हुए मानव-जीवन के सभी क्षेत्रों (संस्कृति, समाज, शिक्षा, नीति, अध्यात्म, राष्ट्रप्रेम आदि) में भारत के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। भारत विकास परिषद संस्कार, सेवा, संपर्क, परियोजना के द्वारा समाज की सेवा करती है। प्रमुख प्रकल्पों में राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता , भारत को जानो प्रतियोगिता, संस्कार शिविर आदि शामिल हैं। 1967 से परिषद देशभक्ति गीतों का राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता करती है, जिसमें हजारों स्कूली बच्चे भाग लेते हैं। यह कार्यक्रम शाखा स्तर से राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित होता है। सामान्य अस्पताल में लंगर सेवा के अलावा अन्नपूर्णा मंदिर के सामने लैबोरेटरी भी चल रही है जहां 50 प्रतिशत डिस्काउंट पर सभी प्रकार के ब्लड टेस्ट किए जाते हैं। लैब टेक्निशयन मनदीप सिंह इस लैब में सराहनीय सेवाएं दे रहे हैं।
वहीं, पार्क में पौधे रोपित करने उपरांत संस्था के पर्यावरण संयोजक आशीष मैहता ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जो पौधे आज हम रोपित करेंगे उसका लाभ हमारी आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। इसके लिए जरुरी है कि हम पौधे लगाने के बाद उनकी देखभाल भी करें। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष प्रदीप गर्ग, सेवा संयोजक टीकम चंद जग्गा, सम्पर्क संयोजक सुभाष मेहता, गुरदित्त दुरेजा, डॉक्टर अश्वनी सचदेवा ,संजय मेहता राजेंद्र मेहता, जयंत जग्गा, हिमांशु मैहता व चंद्रभान मेहता आदि मौजूद थे।

