Home News Point एसपी निकिता खट्टर ने बच्चों को दिया संदेश; बड़े सपने देखें, लक्ष्य तय करें और मेहनत से उसे पूरा करने का प्रयास करें

एसपी निकिता खट्टर ने बच्चों को दिया संदेश; बड़े सपने देखें, लक्ष्य तय करें और मेहनत से उसे पूरा करने का प्रयास करें

4 second read
0
0
341
लायंस क्लब सुप्रीम और मुल्तान सभा द्वारा गांव सुकेराखेड़ा में पौधरोपण और साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
डबवाली
लायंस क्लब सुप्रीम और मुल्तान सभा के संयुक्त तत्वावधान में आज बुधवार को गांव सुकेराखेड़ा के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक प्रेरणादायक पौधरोपण और साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्लब सचिव समर्थ चावला ने ईश वंदना से शुरुआत की, स्कूल की छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पुलिस जिला डबवाली की एसपी निकिता खट्टर, आईपीएस मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं, जिन्होंने अपने संदेश से बच्चों में नई ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी निकिता खट्टर द्वारा स्कूल प्रांगण में पौधा रोपित कर किया गया। इस दौरान अन्य सम्मानित अतिथियों ने भी अपने हाथों से पौधे लगा कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बच्चों को संबोधित करते हुए एसपी निकिता खट्टर ने पौधों को प्रेरणा का स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि पेड़ हमें सिर्फ ऑक्सीजन, फल और फूल ही नहीं देते, बल्कि हमें धैर्य, दृढ़ता और निस्वार्थ सेवाभाव भी सिखाते हैं। वे दर्शाते हैं कि कैसे एक छोटा सा बीज सही देखभाल से एक विशालकाय वृक्ष बन सकता है। उन्होंने बच्चों को अपने सपनों को बड़ा रखने और उन्हें साकार करने के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। एसपी खट्टर ने कहा कि आप सभी अभी उन छोटे बीजों की तरह हैं, जिनमें असीमित क्षमता छिपी है। अपने जीवन में बड़े लक्ष्य तय करें और उन्हें प्राप्त करने के लिए पूरी लगन से जुट जाएं, ताकि आप भी एक विशाल पेड़ की तरह मजबूत और सफल इंसान बन सकें। उन्होंने बच्चों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने और अच्छी संगति में रहने की महत्वपूर्ण सलाह भी दी। एसपी खट्टर ने युवाओं को नशे की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समझाया कि नशा सिर्फ व्यक्ति के वर्तमान को ही नहीं, बल्कि उसके भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। एसपी निकिता खट्टर ने बच्चों को साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन धोखाधड़ी, व्यक्तिगत जानकारी की चोरी और साइबर बुलिंग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को अभी से मोबाइल की आदत नहीं डालने व उन्हें सोशल मीड़िया का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया।
इससे पहले पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी संत लाल बिश्नोई ने एसपी निकिता खट्टर और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने भी अपने प्रेरक विचार भी साझा किए।
लायंस क्लब सुप्रीम और मुल्तान सभा के अध्यक्ष आशीष मेहता ने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण को सबकी साझा और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया। मेहता ने कहा कि बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण के इस दौर में, हर एक पौधा जो हम लगाते हैं, वह न केवल आज के लिए बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक स्वस्थ और हरित भविष्य का निर्माण करता है। उन्होंने सभी से अपने आस-पास अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति भी सभी को जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में लायंस क्लब सुप्रीम और मुल्तान सभा की ओर से कनुप्रिया मैहता, निधि चावला व अन्य महिला सदस्यों ने एसपी निकिता खट्टर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन गुरदीप कामरा ने किया। स्कूल प्रिंसिपल डा. इंद्रसेन व रोटरी क्लब इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर भूपेश मैहता ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया। इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में लायंस क्लब से रीजन चेयरमैन डॉ. अश्वनी सचदेवा, साहिल- शिप्रा मैहता, आशीष-शीनू मैहता, डा. लोकेश्वर-सविता वधवा, डा. विनय-नीरू सेठी, अमरजीत अनेजा मुल्तान सभा से उपाध्यक्ष संजय मैहता, सचिव भजन मैहता, कृष्ण मैहता, पूर्व चेयरमैन चरणजीत मैहता, तिलक मैहता, पूर्व सरपंच पवन मुंजाल, मनोज मैहता, अजय मैहता, अशोक सिड़ाना, चयन मैहता, दीनानाथ मैहता, शंटी मुंजाल, अमीर चंद मुंजाल, पूर्व पार्षद नीलकांत मैहता, सुभाष मैहता, मुनीष मैहता के अलावा सुकेराखेड़ा के सरपंच महंगा राम, पूर्व चेयरमैन कुलदीप सिंह जम्मू, सुखविंद्र सिंह खालसा, थाना सदर प्रभारी शैलेंद्र बिश्नोई, महिला थाना प्रभारी कमला पूनिया, अंजना सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

@tothepointshaad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

अखिल भारतीय सेवा संघ द्वारा दूसरा विशाल निशुल्क आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित – 250 मरीजों की हुई जांच, 50 तक मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित

  डबवाली शहर की सामाजिक संस्था अखिल भारतीय सेवा संघ द्वारा रविवार को कॉलोनी रोड स्थित…