-हरियाली और आस्था के प्रतीक त्रिवेणी के दो-दो पौधों का रोपण भी किया
डबवाली-अग्रणी समाजसेवी संस्था लायंस क्लब अक्स द्वारा गांव सावंतखेड़ा में सोमवार को पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और औषधीय पौधों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से अक्स संस्थापक सतीश जग्गा एवं अध्यक्ष आशीष गर्ग की प्रेरणा से कुल 171 पौधे रोपित किए गए। इनमें आंवला, गुलमोहर, सहजन, अर्जुन आदि औषधीय प्रजातियां प्रमुख रहीं। हरियाली और आस्था का प्रतीक तथा पर्यावरण शुद्धिकरण और जीवनदायिनी ऑक्सीजन के अक्षय स्रोत त्रिवेणी (बरगद, पीपल, नीम) के दो-दो पौधों का भी परंपरागत रूप से रोपण किया गया।

यह जानकारी देते हुए अक्स के मीडिया प्रभारी मनीष गुप्ता ने बताया कि इस अभियान में गुरुद्वारा साहिब के सेवादारों और ‘फ्रेंड्स ऑफ अक्स’ समूह की सक्रिय भागीदारी रही। पूर्व सरपंच रणजीत सिंह के नेतृत्व में इस समूह ने पौधारोपण में सहयोग किया और यह संकल्प लिया कि प्रत्येक पौधे की देखरेख और संरक्षण तब तक सुनिश्चित किया जाएगा जब तक वह पूर्ण रूप से वृक्ष न बन जाए। उन्होंने लायंस क्लब अक्स की तरफ से इस पर्यावरणीय पहल में सहयोग देने वाले सभी गुरुद्वारा साहिब के सेवादारों, अक्स सदस्यों और फ्रेंड्स ऑफ अक्स’ समूह का आभार प्रकट करते हुए कहा कि क्लब का यह प्रयास भविष्य में भी ऐसे ही जनकल्याणकारी अभियानों के माध्यम से जारी रहेगा।इस अवसर पर डॉ. प्रणव सचदेवा, धीरज गर्ग, देवांश गर्ग, कोनिक बंसल, उमेश जिंदल, सेवादार लखवीर सिंह भलेरिया, गुरपाल सिंह, दर्शन सिंह, हेमराज, सतपाल, अंकित, प्रीतम सिंह, कमलदीप सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

