स्व. श्री गिरधारी लाल वधवा की पुण्य स्मृति में आयोजित शिविर में 177 लोगों ने स्वेच्छा से किया रक्तदान

डबवाली-स्व. श्री गिरधारी लाल वधवा की पुण्य स्मृति में श्री गिरधारी लाल वधवा मैमोरियल ट्रस्ट (रजि.) डबवाली द्वारा स्थानीय अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित 16वें विशाल रक्तदान शिविर ने समाजसेवा की मिसाल पेश की। इस शिविर में कुल 177 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर का शुभारंभ चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय अरोड़ा, पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष यतिन्द्र सिंह एडवोकेट द्वारा स्व. गिरधारी लाल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

अपने संबोधन में जगदीश चोपड़ा ने गिरधारी लाल जी के साथ बिताए संस्मरण साझा करते हुए कहा कि वे एक सच्चे राष्ट्रभक्त और समाजसेवी थे। उन्होंने यह भी कहा कि वधवा परिवार द्वारा लगातार 16 वर्षों तक इस प्रकार के शिविरों का आयोजन करना एक सराहनीय परंपरा है, जो समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है।

कुलपति प्रो. विजय अरोड़ा ने रक्तदान को ‘श्रेष्ठ दान’ बताते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज में जागरूकता फैलाते हैं। उन्होंने ट्रस्ट और परिवार को बधाई देते हुए रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में पौधारोपण जैसे अभियान चलाने का आग्रह किया। शिविर के प्रथम चरण में ही रक्तदाताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी वधवा परिवार के 8 सदस्यों डॉ. राकेश वधवा, डॉ. पूनम वधवा, कंचन वधवा, समर्थ वधवा, विश्वास वधवा, सचिन मिढ़ा, कृति वधवा, गिरीश बांसल और अमित मेहता ने रक्तदान कर इस पुण्य कार्य में भाग लिया। अन्य प्रमुख रक्तदाताओं में राजकुमार (नेकी वधवा), धीरज मलूजा, बग्गा सिंह, रामप्रताप राठी, अमित राज सहित अनेक लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्यजन भी उपस्थित रहे, जिनमें टेकचंद छाबड़ा, नीरज जिंदल, के.पी.,नरेश मित्तल, अमृत पाल गर्ग, दरिया सिंह नामधारी, फतेह सिंह आजाद व वासुदेव मेहता मुख्य रूप से शामिल रहे।

