डबवाली
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए लायंस क्लब डिलाइट ने डबवाली के गुरु गोबिंद सिंह खेल स्टेडियम में पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान त्रिवेणी सहित कुल 21 पौधे लगाकर धरती को हरा-भरा करने का संदेश दिया गया। यह कार्यक्रम क्लब के प्रधान पंकज पिंचू मेहता के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसमें क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह पौधारोपण लायंस क्लब डिलाइट का यह चौथा पौधारोपण प्रकल्प था। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय लायंस क्लब संगठन के प्रांतीय महासचिव डॉ. शमिंदर मिगलानी ने पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज हमारी धरती को अधिक से अधिक पेड़ों की सख्त आवश्यकता है। पेड़ ही हमें सूखा और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचा सकते हैं। ऐसे में अपना दायित्व समझते हुए अपने आसपास क्षेत्र में पौधे रोपित कर उनकी देखभाल भी करनी चाहिए।
पौधारोपण की शुरुआत बच्चों के हाथों से हुई, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना था। पहला पौधा भव्या मिगलानी और मनन गर्ग ने लगाया, जिसके बाद क्लब सदस्यों ने पौधे रोपित किए। इस मौके पर राकेश गोयल, सचिव मनोज शर्मा, परम धुन्ना, रिशी पपनेजा, मुकेश गोयल, सुनील रहेजा, सचित अरोड़ा, डॉ. संदीप रामपाल, डॉ. परविंदर बराड़, अमित टक्कर, तरुण शर्मा, अरविंद गर्ग टोनी और जेई तरसेम सिंह शामिल थे।

