
– हरप्रीत कौर ने अपनी बेहतरीन सोच से समस्त महिलाओं का किया गौरवान्वित: प्रियंका अरोड़ा
डबवाली
पति को अपनी किडनी देकर उसकी जान बचाने वाली वार्ड न. 13 निवासी 32 वर्षीय हरप्रीत कौर को ऑल इंडिया अरोड़ा खत्री पंजाबी कम्युनिटी की महिला विंग द्वारा उसके घर जाकर सम्मानित किया गया। महिला सदस्यों ने प्रधान प्रियंका अरोड़ा के नेतृत्व में हरप्रीत कौर को शाल ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया। इस दौरान ऑल इंडिया अरोड़ा खत्री पंजाबी कम्युनिटी के प्रधान परमजीत कोचर व सचिव प्रवीण मोंगा भी साथ थे।
इस मौके पर प्रियंका अरोड़ा ने कहा कि हरप्रीत कौर ने अपने पति रमनप्रीत को किडनी देकर उसकी जान बचाने के साथ-साथ महिला शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण समाज के समक्ष प्रस्तुत किया है। हरप्रीत कौर के सराहनीय कार्य से समस्त महिलाओं का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने सदैव हमारी गौरवपूर्ण भारतीय संस्कृति का अनुसरण करते हुए अपने परिवार व समाज को ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए बड़े-बड़े त्याग किए हैं। इसी कड़ी में हरप्रीत कौर ने भी अपनी सकारात्मक सोच से पति-पत्नी के जन्म जन्म के रिश्ते को नईं परिभाषा दी है और अपने परिवार तथा समाज के साथ-साथ समस्त महिलाओं को गौरवान्वित किया है, उसकी इस बेहतरीन सोच को सलाम है। वहीं, प्रधान परमजीत कोचर ने भी हरप्रीत कौर की सोच की खूब प्रशंसा करते हुए उसे प्रेरणीय उदाहरण बताया। इस मौके पर सचिव मोनिका धमीजा, उपप्रधान मंजू मोंगा, कैशियर रश्मि अरोड़ा, कार्यकारिणी सदस्य शीनू सेतिया, मधु कोचर मौजूद थी।