जी. एन. आई.ए के विद्यार्थियों ने किया पेपर मिल का भ्रमण

अभोली स्थित गुरु नानक इंटरनेशनल अकादमी में विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ ही प्रैक्टिकल ज्ञान के प्रति भी जागरूक किया जाता है।इसके तहत सातवीं, आठवीं और 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने सिरसा में स्थित श्री जगदंबे पेपर मिल का भ्रमण किया। इस भ्रमण को लेकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आ रहे थे। स्कूल अध्यापक गुरजोत सिंह, विक्रमसिंह व अध्यापिका गीता मोंगा, काजल, रिंकु रानी के नेतृत्व में बच्चे पेपर मिल पहुंचे और वहां पर काम करने वाले कर्मचारियों से मुलाकात की। पेपर मिल के हेड श्री अनिल गोयल जी व श्री समीर गोयल जी ने बच्चों को पेपर मिल का भ्रमण करवाते हुए कहा कि पेपर मिल एक ऐसा कारखाना है जो लकड़ी के गूदे, पुराने गत्ते और अन्य सामग्री जैसे वनस्पति फाइबर, लकड़ी का बुरादा व पानी आदि से पेपर तैयार करता है। किस प्रकार की मशीनों का प्रयोग होता है, कैसे मशीन कार्य करती है आदि विभिन्न पहलुओं से उन्होंने बच्चों को अवगत करवाया। यह बच्चों के लिए बहुत महत्वपूर्ण और रोचक जानकारियां थी। बच्चे उनकी बातों को बड़े उत्साह से व ध्यान पूर्वक सुन रहे थे। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए एक यादगार अनुभव था और उनका उत्साह देखते ही बनता था। अंत में पेपर मिल हेड द्वारा बच्चों के लिए खाने पीने का प्रबंध किया गया और स्कूल की तरफ से पेपर मिल के हेड व कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह व उपहार भेंट किया गया।
स्कूल प्रधानाचार्या सलोनी डुमरा जी ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ प्रैक्टिकल लाइफ और छात्रों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए उन्हें औद्योगिक (इंडस्ट्रियल) भ्रमण पर ले जाना भी जरूरी है। इस प्रकार के भ्रमण बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञानवर्धक भी सिद्ध होते हैं। बच्चों का पेपर मिल जाना काफी लाभदायक रहा। उन्होंने इस ज्ञानवर्धक भ्रमण के लिए श्री अनिल गोयल व श्री समीर गोयल जी का बहुत-बहुत आभार प्रकट किया।

