डबवाली
नगर की सामाजिक संस्था यूथ ट्रस्ट ने हाल ही में रिलीज हुई प्रेरणादायक फिल्म ‘फुल्ले’ देखने के लिए लोगों से अपील की है। संस्था ने विशेष रूप से बच्चों को यह फिल्म दिखाने पर जोर दिया है, उनका मानना है कि यह फिल्म युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत शिक्षाप्रद और प्रेरणादायक साबित होगी।
यूथ ट्रस्ट के प्रधान भारत नाहर व अन्य पदाधिकारियों ने एक वक्तव्य जारी करते हुए कहा कि ‘फुल्ले’ एक ऐसी फिल्म है जो हमें समाज के महत्वपूर्ण मूल्यों, संघर्ष और सफलता की कहानियों से परिचित कराती है। यह फिल्म महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले और उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने शिक्षा और सामाजिक समानता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। संस्था का मानना है कि आज की युवा पीढ़ी को इन महान विभूतियों के जीवन और उनके द्वारा किए गए कार्यों के बारे में जानना अत्यंत आवश्यक है। ‘फुल्ले’ फिल्म न केवल उनके संघर्षों को दर्शाती है, बल्कि यह भी प्रेरणा देती है कि किस प्रकार दृढ़ संकल्प और समर्पण से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
यूथ ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि यह फिल्म बच्चों को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने, शिक्षा के महत्व को समझने और समाज में सभी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने की प्रेरणा देगी। यह उन्हें सिखाएगी कि कैसे विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है। संस्था ने अभिभावकों और शिक्षकों से आग्रह किया है कि वे बच्चों को यह फिल्म अवश्य दिखाएं। उनका मानना है कि फिल्म देखने के बाद बच्चों के साथ इस विषय पर चर्चा करना उन्हें फुले दंपति के विचारों और आदर्शों को गहराई से समझने में मदद करेगा।

