Home News Point डबवाली की सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त बैठक हुई, वर्तमान हालातों में आपसी तालमेल व समन्वय स्थापित करने का निर्णय

डबवाली की सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त बैठक हुई, वर्तमान हालातों में आपसी तालमेल व समन्वय स्थापित करने का निर्णय

1 second read
0
0
82

-डबवाली नागरिक मंच के बैनर तले एकत्रित होकर एक साझी रणनीति के तहत कार्य करेंगी संस्थाएं
डबवाली
देश में व्याप्त मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर आपसी तालमेल और समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से डबवाली की सभी प्रमुख सामाजिक संस्थाओं की एक संयुक्त बैठक आज रविवार को नारी शक्ति संस्था की संस्थापिका डा. प्रेम कांता अहलूवालिया की अध्यक्षता में हुई। यह बैठक स्थानीय वरच्युस भवन में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का संचालन समाजसेवी सतीश जग्गा व संजीव शाद ने किया। बैठक का मुख्य एजेंडा वर्तमान हालातों के कारण उत्पन्न हो सकने वाली किसी भी चुनौती का एकजुट होकर सामना करना और एक साझी रणनीति के तहत काम करना रहा। प्रतिनिधियों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि विषम परिस्थितियों में समाज की सभी संस्थाओं को साथ मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक में भाग लेने वाली प्रमुख संस्थाओं में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संस्थाएं व एनजीओज के प्रतिनिधि शामिल थे। सभी ने अपने विचार रखते हुए आपसी सहयोग पर सहमति जताई एवं विभिन्न कार्यों व योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। उपस्थित प्रतिनिधियों ने आपसी विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि डबवाली हमेशा से ही सामाजिक एकता और भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है और वर्तमान समय की मांग है कि इस परंपरा को और अधिक सशक्त बनाया जाए।

‘डबवाली नागरिक मंच’ के बैनर तले बनाई जाएगी साझी रणनीति:
इस दौरान एक संयुक्त समन्वय समिति का गठन करने का भी निर्णय लिया गया जो विभिन्न संस्थाओं के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान और राहत कार्यों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके तहत निर्णय लिया कि ‘डबवाली नागरिक मंच’ के बैनर तले एक ग्रुप बनाया जाएगा जोकि विभिन्न संस्थाओं के बीच सोशल मीड़िया के माध्यम से समन्वय बनाकर जनहित में कार्य करेगा। इसके अतिरिक्त, बैठक में अफवाहों और गलत सूचनाओं से बचने तथा प्रशासन के साथ मिलकर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की गई। सभी संस्थाओं ने यह संकल्प लिया कि वे समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएंगे और लोगों को धैर्य बनाए रखने के लिए प्रेरित करेंगे। बेशक युद्ध के हालात सामान्य होने लगे हैं लेकिन समन्वय समिति भविष्य में लगातार कार्यरत रहकर जनहित में साझी रणनीति पर काम करती रहेगी।

भारतीय सेना के शौर्य की सभी ने सराहना की:
बैठक में पारित प्रस्तावों के तहत आतंकियों के खात्मे के लिए पाकिस्तान के खिलाफ की जा रही कार्रवाई में भारतीय सेना के पराक्रम और शौर्य की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया। पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को बढ़ावा देने व भारत में आम लोगों पर किए जा रहे हमलों को लेकर उसकी निंदा की गई। साथ ही पहलगाम के शहीदों एवं आतंकवदियों के खिलाफ लड़ाई में शहीद हुए सैनिकों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि  दी गई। अंत में वरच्युस क्लब के प्रधान हरदेव गोरखी ने सबका धन्यवाद किया। इस संयुक्त बैठक को डबवाली की सामाजिक एकता और सामुदायिक भावना के एक महत्वपूर्ण उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। सभी संस्थाओं ने मिलकर यह संदेश दिया है कि किसी भी परिस्थिति में वे एक-दूसरे के साथ खड़े हैं और शहर के नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। भविष्य में भी इस प्रकार की समन्वय बैठकें आयोजित करने पर सहमति बनी, ताकि आपसी तालमेल को और सुदृढ़ किया जा सके।

बैठक में ये सामाजिक प्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस अवसर पर सत्य प्रकाश यादव, शशि कांत शर्मा, संतोष शर्मा, ज्ञानी ज्ञान सिंह, इकओंकार सिंह नामधारी, सुखवंत चीमा, नरेश शर्मा, अमित राज मैहता, तरसेम सिंह, भारत नाहर, सुनील रहेजा, डा. नवीन नागपाल, जसपाल सिंह ढंडाल, हैप्पी मोंगा, रवि मोंगा, विकास शर्मा, सुखविंद्र सिंह, सुरिंद्र कुमार, सुमित अनेजा, संजय मैहता, गुरमिंद्र सिंह निन्दा, वासदेव मैहता, इंद्रजीत गर्ग, गुरदीप कामरा, अजय छाबड़ा, रोबिन ग्रोवर, सुभाष मैहता, परमजीत कोचर, कृष्ण कामरा निराला, प्रियंका शर्मा, कमलेश कामरा, गीता मैहता, भारत भूषण वधवा, ऋषि मित्तल, सुनील मुरेजा, संदीप सिंगला, विनेश छाबड़ा, हीरा लाल आदि सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

अखिल भारतीय सेवा संघ द्वारा दूसरा विशाल निशुल्क आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित – 250 मरीजों की हुई जांच, 50 तक मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित

  डबवाली शहर की सामाजिक संस्था अखिल भारतीय सेवा संघ द्वारा रविवार को कॉलोनी रोड स्थित…