-बैसाखी पर 13 अप्रैल को मृतकों की स्मृति में होगा धार्मिक आयोजन
डबवाली
भारत माला रोड पर गांव वडिंगखेड़ा के पास एक दुखदायी दुर्घटना में गुजरात के तीन पुलिस कर्मियों की हुई मौत के पश्चात शहर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने श्री गौशाला के संत निवास में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उनकी मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन पंजाब प्रदेश के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डबवाली क्षेत्र के पास से गुजरने वाले भारत माला रोड पर पिछले कुछ समय में हुई काफी दुर्घटनाओं में अनेक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। यह हमारे लिए चिंता व चुनौती का विषय है क्योंकि भारत माला रोड अभी तक संपूर्ण रूप से आवागमन के योग्य न होने के कारण प्रतिदिन ऐसी दुर्घटनाएं हो रही है जिसे तुरंत प्रभाव से सुरक्षा की दृष्टि से पूरा करने उपरांत ही इस पर वाहनों का आवागमन प्रांरभ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी, राष्ट्रीय सड़क एवं परिवहन विभाग के सचिव आईएएस वी उमा शंकर, हिसार मंडल के अधिकारी विपिन मंगला को शीघ्र ही पत्र लिखकर यहां पर हो रही दुर्घटनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएंगी। ऑल इंडिया अरोड़ा खत्री पंजाबी कम्युनिटी के राष्ट्रीय प्रतिनिधि परमजीत कोचर ने कहा कि आज की दुर्घटना बहुत ही दुखदायी है जिसमें गुजरात पुलिस के तीन कर्मचारियों की दर्दनाक मृत्यु हुई है। हमें ऐसी दुर्घटनाओं को देखते हुए स्वयं भी अपने वाहन चौकसी एवं गति सीमा में चलाने चाहिए जिससे हम स्वयं भी सुरक्षित रहेंगे तथा सड़क पर चलने वाले अन्य वाहनों से टक्कर न होकर दुर्घटनाओं से बचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि शहर की सभी संस्थाओं से मिलकर सिरसा रोड पर सच्चा सौदा कंटीन के पास भारत माला रोड के नीचे बैसाखी वाले दिन 13 अप्रैल को सभी मृतकों की स्मृति में उनकी आत्मिक शांति के लिए एक धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विख्यात उद्योगपति लाभ सिंह जगा रामतीर्थ, श्री गौशाला प्रबंधक कमेटी के कोषाध्यक्ष टीकम जग्गा, युवा रक्तदान सोसायटी के अध्यक्ष सर्वप्रीत सेठी, श्री सिद्धेश्वरी महाकाली माता मंदिर के उपाध्यक्ष दविंद्र मित्तल, प्रमुख समाजसेवी प्यारे लाल सेठी, डा. प्रेम गोयल, राकेश गोयल, प्रेम चुघ, एमएसडी उच्च विद्यालय के सचिव सुरेश सेठ, राकेश बांसल, दीपक कुमार, महिला मंडल की सदस्यों में सुनीता सेठी, सुमन गर्ग, मुस्कान गुप्ता, रेणू गर्ग, सोनिया अग्रवाल, रिंपी सेठी, शमिंद्र कौर, रेणू भंडारी सहित सभी द्वारा सभा के समापन पर दो मिनट का मौन धारण कर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

