Home News Point अक्स उत्थान केंद्र’ में जन्मदिन समारोह का आयोजन, केक काटकर बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान

अक्स उत्थान केंद्र’ में जन्मदिन समारोह का आयोजन, केक काटकर बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान

0 second read
0
0
42

अक्स संस्थापक सतीश जग्गा की पहल पर स्थापित यह केंद्र समाज के आर्थिक रूप से पिछड़े और वंचित वर्ग के बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान करने हेतु समर्पित है।
डबवाली
लायंस क्लब अक्स, डबवाली द्वारा संचालित ‘अक्स उत्थान केंद्र’ में एक विशेष जन्मदिन समारोह का आयोजन किया गया, जिसने बच्चों के जीवन में एक सुखद और प्रेरणादायक क्षण जोड़ दिया।
क्लब प्रवक्ता मनीष गुप्ता ने बताया कि अक्स संस्थापक सतीश जग्गा की पहल पर स्थापित यह केंद्र समाज के आर्थिक रूप से पिछड़े और वंचित वर्ग के बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान करने हेतु समर्पित है। केवल अकादमिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि यहां बच्चों को नैतिक मूल्यों, दैनिक व्यवहार की शिष्टता, और उनके छिपे हुए हुनर को निखारने का अवसर भी दिया जाता है। उत्थान केन्द्र के प्रकल्प प्रबंधक उमेश जिंदल ने बताया कि क्लब अध्यक्ष डा. आशीष गर्ग के नेतृत्व में अक्स उत्थान केंद्र केवल पठन-पाठन तक सीमित नहीं है, यह उन सपनों की भूमि है जो समय और संसाधनों के अभाव में कहीं दब गए थे, यहां उन्हें नए पंख दिए जा रहे हैं।


इस अवसर को और भी विशेष बनाया समाजसेवी लवली गुप्ता ने, जिन्होंने अपने पुत्र चिराग गुप्ता का जन्मदिन इन बच्चों के बीच मनाकर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उसके साथ केंद्र के दो विद्यार्थियों किरण और विरेंद्र का जन्मदिन भी हर्षोल्लास से मनाया गया, जिससे बच्चों के बीच आत्मीयता और अपनत्व की भावना और प्रगाढ़ हुई। बच्चों के साथ केक काटा गया, जलपान वितरित किया गया और उपहार भेंट किए गए। इस पर लवली गुप्ता ने कहा कि अक्स उत्थान केन्द्र में बच्चों के साथ जन्मदिन मनाने से जो आत्मिक संतोष मिला, वह किसी भव्य आयोजन से कहीं अधिक मूल्यवान है। यह हमारे जीवन के सबसे पवित्र पलों में से एक रहेगा।
इस केंद्र की मुख्य शिक्षक रत्ना कोचर ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन ने बच्चों को केवल उपहार ही नहीं दिए, बल्कि उन्हें यह एहसास भी दिलाया कि समाज उन्हें अपनाता है और उनसे प्रेम करता है। क्लब सचिव डा. प्रणव सचदेवा ने कहा कि ‘अक्स उत्थान केंद्र’ आज सिर्फ एक शिक्षा केंद्र नहीं, बल्कि उन सपनों का घर है जिन्हें कभी उड़ान नहीं मिली थी और अब उन्हें आसमान छूने का अवसर मिल रहा है।
इस आयोजन में क्लब सदस्य रणजीत सिंह सांवतखेड़ा, देवांश गर्ग, कोनिक बंसल, नवदीप गर्ग, अमन बांसल, लोकेश बांसल, अभय सूर्या, आशीष सिंगला‌, शिक्षिका श्रीमती प्रवीण शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

अखिल भारतीय सेवा संघ द्वारा दूसरा विशाल निशुल्क आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित – 250 मरीजों की हुई जांच, 50 तक मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित

  डबवाली शहर की सामाजिक संस्था अखिल भारतीय सेवा संघ द्वारा रविवार को कॉलोनी रोड स्थित…