डबवाली
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, मंडी किलियांवाली में आज राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की गतिविधियों का विस्तार हुआ। स्कूल में लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग दो नए एनसीसी ट्रुप शुरू किए गए हैं। इस महत्वपूर्ण अवसर पर 6वीं पंजाब बटालियन एनसीसी मलोट के कमांडिंग अधिकारी कर्नल रणबीर सिंह (सेना मैडल) विशेष रूप से स्कूल पहुंचे और उन्होंने विधिवत रूप से दोनों ट्रुपों का शुभारंभ किया। इस दौरान सूबेदार मेजर योगेश यादव और ट्रेनिंग जेसीओ सूबेदार एम रमार व अन्य एनसीसी स्टाफ सदस्य भी स्कूल में पहुंचे।

कर्नल रणबीर सिंह का स्कूल पहुंचने पर प्रिंसिपल कंवलप्रीत कौर सिधु, केयर टेकर परमजीत कौर, बलजिंद्र पाल सिंह, लेफ्टिनेंट शशिकांत शर्मा, कैंपस मैनेजर जितेंद्र शर्मा व अन्य स्टाफ ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके पश्चात एक संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें कर्नल रणबीर सिंह ने एनसीसी के महत्व और युवाओं के चरित्र निर्माण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को एनसीसी में सक्रिय रूप से भाग लेने और देश सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को एनसीसी ग्रुप ज्वाइन करने के लाभ भी विस्तार से बताए।
लेफ्टिनेंट शशि कांत शर्मा ने कहा कि मंडी किलियांवाली जैसे ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी स्कूल में एनसीसी ट्रुप की शुरुआत छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे छात्रों को न केवल सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त होगा, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, टीम भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना भी विकसित होगी।
स्कूल प्रिंसिपल कंवलप्रीत कौर सिधु ने कहा कि एनसीसी ट्रुप शुरू होने से छात्रों को अनुशासन, देशभक्ति और नेतृत्व के गुणों को सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने 6वीं पंजाब बटालियान एनसीसी मलोट और कर्नल रणबीर सिंह का स्कूल को यह सौगात देने के लिए आभार व्यक्त किया। नए एनसीसी ट्रुप शुरू होने से स्कूल के विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया। कैंपस मैनेजर जतिंद्र शर्मा ने बताया कि यह पहल निश्चित रूप से स्कूल के विद्यार्थियों को एक नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करेगी। जल्द ही इन ट्रुपों के लिए कैडेटों को एनसीसी के नियमों और प्रशिक्षण के बारे में जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर प्राध्यापक बलविंद्र सिंह, जगनंदन सिंह, गगनदीप शर्मा व अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद थे।

