राज कपूर की फिल्म मेरा नाम जोकर केवल एक फिल्म नहीं थी, वह एक जीवन-दर्शन थी। वह हमें यह एहसास दिलाती है कि सिनेमा महज़ परदे पर चलने वाली छवियाँ नहीं, बल्कि हमारे अंतर्मन पर दस्तक देने वाली कहानियाँ भी होता है। कभी-कभी रील लाइफ में हमें अपनी रियल लाइफ की परछाई दिखाई देती है। यह फिल्म उस जोकर की कथा है, जो मंच पर हँसाता है, लेकिन भीतर से रोता है। और सच कहें तो, हम सबकी जिंदगी में कहीं न कहीं वही जोकर ज़िंदा है।

राज कपूर का यह किरदार बार-बार मोहब्बत करता है और हर बार अधूरी मोहब्बत ही उसके हिस्से आती है। शायद इसी कारण उसकी मुस्कान और भी गहरी हो जाती है। वह हमें यह सिखाता है कि जिंदगी पूरी होकर भी अधूरी रहती है, क्योंकि मोहब्बत, सपने और उम्मीदें कभी पूरी तरह पूरी नहीं होतीं। यही अधूरापन ही जीवन को उसका असली रंग देता है। जोकर हमें आईना दिखाता है कि हम सब किसी न किसी तरह उस रंगमंच के कलाकार हैं, जिनकी आँखों में आँसू हैं, पर चेहरों पर मुस्कान।

फिल्म के गीत इस दर्शन को और गहराई देते हैं। “जीना यहाँ, मरना यहाँ, इसके सिवा जाना कहाँ” मानो जीवन का घोषणापत्र है। “ए भाई ज़रा देख के चलो” केवल सर्कस का गीत नहीं, बल्कि जीवन की राह पर एक चेतावनी है। और “सारा ज़माना, आधी हकीकत आधा फ़साना” तो हमारी पूरी जिंदगी का सार है। ये गीत सुनते ही लगता है कि संगीत भी रो सकता है और आँसू भी गा सकते हैं।
लेकिन इस गाथा के पीछे एक और कहानी है। राज कपूर ने इस फिल्म को बनाने में छह साल लगाए। इसे अपनी आत्मा का टुकड़ा कहा। जब फिल्म 1970 में रिलीज़ हुई, तो दर्शकों ने इसे समझा ही नहीं। लंबी और दार्शनिक कहानी आम लोगों को भारी लगी और फिल्म बुरी तरह असफल हो गई। राज कपूर पर कर्ज़ चढ़ गया, आर.के. स्टूडियो संकट में आ गया। उस समय यह फिल्म उनके जीवन की सबसे बड़ी नाकामी बन गई। लेकिन किस्मत का पहिया धीरे-धीरे घूमा। सोवियत रूस में मेरा नाम जोकर ने धूम मचा दी। वहाँ राज कपूर को भारतीय चार्ली चैपलिन कहा गया और दर्शकों ने इस फिल्म को खुले दिल से अपनाया। समय के साथ वही फिल्म, जो कभी असफल कहलाती थी, आज भारतीय सिनेमा की क्लासिक गाथा मानी जाती है।राज कपूर का जोकर मासूम भी था, अल्हड़ भी और बेहद सच्चा भी। उसके चेहरे पर मुस्कान थी, आँखों में आँसू थे और दिल में अधूरी मोहब्बतों का बोझ। लेकिन वह हमें यही सिखाता है कि जीवन चाहे अधूरा लगे, टूटे हुए सपनों से भरा लगे, फिर भी शो चलता रहना चाहिए। मेरा नाम जोकर हमें यह एहसास कराती है कि हमारी जिंदगी भी आधी हकीकत और आधा फ़साना है। इसमें मोहब्बतें अधूरी हैं, सपने अधूरे हैं, तालियाँ थम जाती हैं और कुर्सियाँ खाली रह जाती हैं। लेकिन जीवन कभी रुकता नहीं। शायद इसी अधूरेपन में उसकी खूबसूरती है। जब भी कोई गुनगुनाता है — “जीना यहाँ, मरना यहाँ, इसके सिवा जाना कहाँ” — तो लगता है जैसे राज कपूर का जोकर आज भी हमारे दिलों के मंच पर खड़ा है। वह हमें याद दिलाता है कि चाहे आँसू हों या मुस्कान, चाहे अधूरापन हो या टूटन… जिंदगी ज़िंदाबाद। और सबसे बड़ा सच यही है
SHOW MUST GO..ON
Sanjivv Shaad
Social Media Influencer & Motivational Content Creator
To The Point Shaad

