हर एक मोड़ पर बहुत तंग है जिंदगी।
हर रोज़ खुद से ही एक जंग है जिंदगी।
यह पंक्तियाँ महज़ कविता नहीं, बल्कि आज की सच्चाई हैं। हम सब अपनी-अपनी दुनिया में जीते हुए भी रोज़ किसी न किसी अदृश्य लड़ाई से गुजर रहे हैं। कोई कामयाबी के पीछे भाग रहा है, कोई रिश्तों की उलझनों में फँसा है, कोई अकेलेपन से जूझ रहा है और कोई अपने ही मन के सवालों से हार-जीत का हिसाब कर रहा है।
हम अक्सर सोचते हैं कि खुशी कोई मंज़िल है — जिसे पाने के बाद ज़िंदगी आसान हो जाएगी। हम कहते हैं, “बस ये नौकरी मिल जाए, फिर चैन मिलेगा।” या “घर बन जाएगा तो सुकून आएगा।” लेकिन सच यह है कि मंज़िल मिल जाने के बाद भी इंसान का मन खाली रह जाता है। सवाल फिर वही खड़ा होता है — “क्या मैं सचमुच खुश हूँ?”
असल खुशी बाहर कहीं नहीं है। वह हमारे भीतर है। लेकिन हम उसे तलाशने के बजाय बार-बार बाहर की चीज़ों में खोजते हैं। आज की तेज़ भागती ज़िंदगी में हम या तो अतीत का बोझ उठाए चलते हैं या भविष्य की चिंता में खो जाते हैं। और इसी में सबसे कीमती पल — वर्तमान — हमारे हाथों से फिसल जाता है।
खुशी छोटी-छोटी बातों में छुपी होती है। सुबह की एक कप चाय में, किसी बच्चे की खिलखिलाहट में, किसी दोस्त की हँसी में, माँ के हाथ के खाने में या शाम की ठंडी हवा के झोंके में। पर अक्सर हम इन्हें नज़रअंदाज़ कर देते हैं, क्योंकि हमें लगता है कि “असली खुशी” कहीं और है।
जिंदगी का सच यही है कि यह कभी पूरी तरह आसान नहीं होगी। हर दिन नई चुनौती, नया मोड़ सामने होगा। कभी रास्ते तंग होंगे, कभी हालात भारी। लेकिन इन सबके बीच अगर हम हर रोज़ अपने लिए एक मुस्कान बचा पाएँ, तो वही हमारी सबसे बड़ी जीत होगी।
तो सवाल यह नहीं है कि भविष्य में आप कितने खुश होंगे। असली सवाल यह है कि अभी, इसी पल आप कितने खुश हैं? अगर जवाब है “थोड़ा-सा भी”, तो यही आपकी सबसे बड़ी पूँजी है।
क्योंकि कल किसने देखा है।
आज जी लीजिए।
आज मुस्कुरा लीजिए।
आज अपने दिल से कह दीजिए —
“जिंदगी ज़िंदाबाद।”
वर्तमान ही भविष्य है,
क्योंकि भविष्य का रास्ता वर्तमान की दहलीज से होकर गुजरता है।
दुखी से दुखी इंसान के पास भी कोई न कोई छोटी-सी खुशी की झलक होती है, जो आने वाले कल को रोशन और खुशहाल बना सकती है।
Sanjivv Shaad
Social Media Influencer & Motivational Content Creator
To The Point Shaad

