परिवार एक ही छत के नीचे है, लेकिन बातचीत कम होती जा रही है।
इंटरनेट का युग सुविधा भी दे रहा है और दूरी भी — अब असली सवाल है कि रिश्ते इस दौर में किस रूप में टिकेंगे।

परिवार हमेशा से समाज की सबसे बुनियादी और मज़बूत व्यवस्था रहा है। यह सिर्फ़ खून के रिश्तों का मेल नहीं, बल्कि साझा जीवन, संवाद और भावनाओं का केंद्र है। लेकिन आज इंटरनेट और डिजिटल लाइफ ने इस व्यवस्था को नई कसौटी पर खड़ा कर दिया है।जबकि एक ओर मोबाइल और स्क्रीन ने हमारी दुनिया आसान बना दी है, वहीं दूसरी ओर परिवार के भीतर संवाद की कमी बढ़ा दी है। लिविंग रूम में चार लोग बैठे होते हैं, लेकिन उनकी निगाहें एक-दूसरे की आँखों में नहीं, बल्कि चार अलग-अलग स्क्रीन पर टिकी होती हैं। हँसी की जगह इमोजी ने ले ली है और दिल की बात की जगह चैटबॉक्स ने।
“ हँसी,गम खुशी आँसू — यही परिवार की ताक़त है,
जो किसी चैटबॉक्स में कभी दर्ज नहीं हो सकती।”

मोबाइल पर लगातार स्क्रॉलिंग और घंटों का स्क्रीन टाइम परिवार की आत्मीयता को धीरे-धीरे कम कर रहा है। बच्चे असली खेलों से दूर मोबाइल गेम्स में खोए हैं, जबकि बड़े सोशल मीडिया पर व्यस्त रहते हैं। परिवार एक साथ होते हुए भी भीतर से अलग-थलग होता जा रहा है।
फिर भी इस डिजिटल युग की तस्वीर पूरी तरह नकारात्मक नहीं है। इंटरनेट ने रिश्तों को जोड़ने के नए रास्ते भी दिए हैं। विदेश में रह रहा बेटा हर दिन वीडियो कॉल से माँ का चेहरा देख सकता है। शादी-ब्याह या उत्सव में दूर बैठे सदस्य भी ऑनलाइन शामिल हो सकते हैं। पारिवारिक ग्रुप्स ने परिवार को डिजिटल धागे में बाँध दिया है। यानी यह तकनीक जोड़ती भी है और तोड़ती भी — फर्क इस बात पर है कि हम इसका इस्तेमाल किस तरह करते हैं।
“परिवार की असली पहचान सांझी हँसी और सांझे आँसू हैं,जो किसी स्क्रीन पर नहीं, दिल से दिल जुड़ने पर मिलते हैं।” आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है संतुलन। डिजिटल साधन अगर सहारा बनें तो रिश्ते और गहरे हो सकते हैं, लेकिन अगर यही दीवार बन जाएँ तो आत्मीयता खोने लगती है। परिवार को दोबारा संवाद की परंपरा को जीवित करना होगा। साथ बैठकर खाना खाना, बिना मोबाइल के बातचीत करना और एक-दूसरे की आँखों में देखना — यही वो छोटे-छोटे पल हैं जो परिवार को असली अर्थ देते हैं। तकनीक चाहे जितनी तेज़ हो जाए, परिवार की रफ़्तार भावनाओं से चलती है। स्क्रीन हमें जोड़ सकती है, लेकिन असली निकटता स्क्रीन से नहीं, दिल से मिलती है।
डिजिटल लाइफ हमें जोड़ भी सकती है और तोड़ भी — चुनाव हमारे हाथ में है।
Sanjivv Shaad
Social Media Influencer & Motivational Content Creator
To The Point Shaad

