हरियाणा में जिला स्तरीय व पंजाब में खंड स्तरीय खेलों में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

यह जीत बच्चों के कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम: पुनीत सिंगला
डबवाली
डबवाली टेबल टेनिस अकादमी के खिलाड़ियों ने हरियाणा और पंजाब में आयोजित स्कूली खेलों में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह जीत केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं अकादमी के उच्च-स्तरीय प्रशिक्षण, कोच के मार्गदर्शन और बच्चों की अटूट लगन का प्रमाण माना जा रहा है। अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे सीमावर्ती क्षेत्र डबवाली के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने खंड और जिला स्तर पर आयोजित स्कूल गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा को साबित किया।
हरियाणा में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता मेें बनाई जगह:
गत दिवस सिरसा के स्वामी विवेकानंद स्कूल में आयोजित हरियाणा प्रदेश की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने अपने कौशल का लोहा मनवाया। प्रीत दुरेजा पुत्री कमल कांत, गुरवीर कौर पुत्री सुखपाल सिंह, मानव मिढ़ा पुत्र राहुल मिढ़ा और मनीत पुत्र सुखमंदर सिंह ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की और राज्य स्तर की प्रतियोगिता में अपनी जगह सुनिश्चित की।
पंजाब में भी लहराया परचम:
इसी तरह, पंजाब में भी डबवाली के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। बाल मंदिर स्कूल, किलियांवाली में हुई खंड स्तरीय प्रतियोगिता में अकादमी के दस खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इनमें नवरीत पुत्री सुनील अरोड़ा, यश जिंदल पुत्र संदीप कुमार जिंदल, दक्ष स्वामी पुत्र राजीव स्वामी , गीतांश गोयल पुत्र अनुदीप गोयल, रुद्र ग्रोवर पुत्र कुलजश ग्रोवर , मनन सिंगला पुत्र विनय सिंगला, दिक्षेश गर्ग पुत्र अनुराग गर्ग, खुशमन पुत्र खुशकरण जीत सिंह, परिक्षित पुत्र विनीत कुमार व प्रियांश मेहता पुत्र पंकज मेहता शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन के साथ जिला स्तर पर अपनी जगह पक्की की। यह सफलता दिखाती है कि अकादमी का प्रशिक्षण दोनों राज्यों के प्रतिस्पर्धी माहौल में खिलाड़ियों को तैयार करने में कितना प्रभावी है।
यह जीत बच्चों के कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम: पुनीत सिंगला
इस उल्लेखनीय प्रदर्शन पर अकादमी के कोच पुनीत कुमार सिंगला ने बच्चों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत बच्चों के कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। सिंगला ने विश्वास व्यक्त किया कि ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी उच्च स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अकादमी और पूरे डबवाली शहर का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को लगातार मिल रही सफलता डबवाली टेबल टेनिस अकादमी को क्षेत्र में एक प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए मजबूत नींव का भी काम करेगी।

